
दक्षिण अफ्रीका में गाँधी के सफल अहिंसक आन्दोलन से प्रभावित होकर नेल्सन मंडेला ने भी रंगभेद नीति के खिलाफ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस का नेतृत्व किया। बाद में इसी दल की हिंसक सेना भी बना ली। नेल्सन की पहली पत्नी अवलीन ने इस हिंसक पहल का साथ देने से इनकार कर दिया। जब नेल्सन जेल से रिहा होकर घर पहुंचे तब तक अवलीन बच्चों के साथ घर छोड़ चुकी थी। उग्र आन्दोलन के दौरान ही नेल्सन का विवाह विनी से हुआ, जो उनसे वय में 18 वर्ष छोटी थी। नेल्सन के विवाह के कुछ ही समय बाद नेल्सन को आजीवन कारावास हो गया। तेज-तर्रार विनी ने श्वेत सरकार के विरुद्ध आन्दोलन छेड़ दिया। उसे "मदर ऑफ़ नेशन" के रूप में जाना गया।
विनी की सक्रियता के कारण ही श्वेत सरकार चाहकर भी नेल्सन का खत्म नहीं कर पायी। नेल्सन 27 साल की कैद भुगतकर जब रिहा हुए तो उन्होंने उसी श्वेत सरकार के अध्यक्ष डी क्लार्क के साथ बैठकर अश्वेतों को उनके अधिकार दिलाये। अपने 27 साल लम्बे अपमान और यंत्रणा का प्रतिशोध न लेकर शांति और सदाशयता की भाषा अपना ली। इसी भाव से वे सर्वकालिक और सर्वमान्य नेता के रूप में उभर आये। पूरे विश्व ने उन्हें नमन किया और उन्हें गाँधी के समकक्ष माना। इस त्याग ने पूरे विश्व से रंगभेद को खत्म कर दिया। अश्वेतों के वजूद को पूरे विश्व ने स्वीकार कर लिया। यहां तक की आज अमरीका का राष्ट्रपति भी अश्वेत है।
लम्बे कारावास के बाद लौटे नेल्सन जब अपने सिद्धांतों के लिए अपने प्रतिशोध के भाव को दरकिनार कर रहे थे उसी दौरान विनी ने तीन दशक पुराना अपना आक्रामक रुख जारी रखा। अब पीछे लौटना शायद उसके लिए भी मुमकिन नहीं रहा होगा। विनी कई विवादों में भी घिरी रही। उसके अंगरक्षक द्वारा चार युवकों के अपहरण का आरोप लगा था, जिसमे से एक स्तोम्पी की हत्या हो गयी थी। विनी पर मुकदमा चला। इसी दौरान विनी के वकील मोफू के साथ उसके अवैध संबंधों की चर्चा चली। इन्ही विवादों के कारण 1995 में नेल्सन और विनी का सम्बन्ध विच्छेद हो गया।

राजनीतिक स्तर पर नेल्सन मंडेला ने नेशनल पार्टी के साथ सदाशयता दिखाई, यह उदारता वह विनी के साथ नहीं दिखा पाया। नेल्सन अश्वेतों की आजादी का प्रतीक था लेकिन उस प्रतीक में प्राण विनी ने फूंके थे। सार्वजनिक जीवन में उदार छवि वाले महान पुरुष भी स्त्री के मामले में संकीर्ण धरातल पर खड़े दिखाई देते है। विनी तो विवादित थी लेकिन सीता जैसी पतिव्रता को भी अग्निपरीक्षा देनी पड़ी। नेल्सन को भी जीवन का लक्ष्य प्राप्त हो चुका था। अब उसे पत्नी के रूप में गृहणी की जरूरत थी ना की राजनयिक। चाहे विनी का तेज तर्रार नेता के रूप में कायांतरण नेल्सन की रक्षा के लिए ही क्यों न हुआ हो।
अस्सी वर्ष की उम्र में नेल्सन ने ग्रास मिशेल से विवाह कर लिया। जो कि उसके मित्र मुजम्भी के दिवंगत राष्ट्रपति की विधवा थी।
No comments:
Post a Comment